छत्तीसगढ़ में मानसून का डबल अटैक: आज-कल भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में छाए काले बादल

० 3 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में बनेगा लो-प्रेशर, कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आज और कल भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। आगामी दिनों में मौसम और अधिक सक्रिय रहने के संकेत हैं।
रायपुर में छाए काले बादल, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। उमस के बीच हल्की बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
3 जुलाई के आसपास बनेगा लो-प्रेशर
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब से लेकर उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय है सिस्टम
उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार वर्षा की संभावना बनी हुई है।
अब तक सामान्य से 60% कम बारिश
हालांकि मानसून सक्रिय हो चुका है, लेकिन प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि आगामी दिनों की बारिश से इस कमी में काफी हद तक सुधार होगा।
पिछले 24 घंटे का तापमान
बलरामपुर-रामानुजगंज: 34.7°C
बिलासपुर: 34.0°C
जशपुर: 33.5°C
अंबिकापुर: 33.1°C
कोरबा: 32.9°C
दुर्ग: 30.6°C
जगदलपुर: 28.2°C
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।





