कूलर में करंट लगने से 10 माह के मासूम की दर्दनाक मौत, खेलते-खेलते हुआ हादसा

० कोरबा के कटघोरा क्षेत्र में दर्दनाक घटना, अस्पताल पहुंचने से पहले मासूम ने तोड़ा दम
कटघोरा (कोरबा)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में कूलर में करंट उतरने से 10 माह के एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। खेलते-खेलते कूलर के संपर्क में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान जटगा मोड़ (कसनिया) निवासी अमर सिंह के इकलौते बेटे दक्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मासूम दक्ष घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह कूलर के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही परिजन उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन देर रात करीब 12 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




