ड्यूटी में लापरवाही पर डायल-112 का आरक्षक निलंबित, सड़क हादसे की सूचना पर देर से पहुंचने का आरोप

० रायपुर में दुर्घटना स्थल पर अमर्यादित व्यवहार भी पड़ा भारी, डीसीपी ने जारी किया निलंबन आदेश
रायपुर। राजधानी रायपुर में डायल-112 में तैनात एक आरक्षक को ड्यूटी में लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) उमेश प्रसाद गुप्ता ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच सड़क दुर्घटना की सूचना डायल-112 को मिली थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा घटनास्थल पर विलंब से पहुंचे। साथ ही मौके पर उनका व्यवहार भी अमर्यादित पाया गया।
मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस प्रशासन ने आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र, रायपुर संबद्ध कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।





