नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, मुख्यमंत्री निवास घेराव तक जाएगा आंदोलन

० प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए चरणबद्ध रणनीति तैयार, दोषी अधिकारियों पर एफआईआर, पुनर्वास और मुआवजे की मांग तेज
रायपुर। रायपुर जिले के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अब बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से गठित जांच समिति की बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तय की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि प्रेस कॉन्फ्रेंस, लोकभवन प्रदर्शन, राज्यपाल से मुलाकात और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जाएगा।
जनता के बीच रखे जाएंगे पूरे तथ्य
कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सबसे पहले पूरे घटनाक्रम के तथ्यों को जनता के सामने रखा जाएगा। पार्टी दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करने और लोकभवन में प्रदर्शन के जरिए सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति पर काम करेगी। साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा और दर्ज मामलों की वापसी की मांग को लेकर भी आंदोलन तेज किया जाएगा।
‘बुलडोजर कार्रवाई में बेजुबान पशु भी दबे’
प्रदेश कांग्रेस जांच समिति के सदस्य भावेश बघेल ने आरोप लगाया कि सम्मानपुर-नकटी की घटना केवल गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने दावा किया कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद मलबे में बेजुबान पशुओं और गौवंश के दबे होने की जानकारी सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को विचलित किया है।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि संवेदनहीन शासन का उदाहरण है। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो सरकार गौ संरक्षण की बात करती है, उसके शासन में गौवंश तक सुरक्षित नहीं है। गरीबों के घरों के साथ पशुओं का मलबे में दब जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
‘न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष’
भावेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी। समिति ने आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन, राजभवन और न्यायालय तक हर लोकतांत्रिक मंच पर पीड़ितों की आवाज बुलंद करेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय, सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में जांच समिति के संयोजक एवं पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष राजेंद्र (पप्पू) बंजारे तथा प्रभावित परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।





