#प्रदेश

बलरामपुर में जंगली मशरूम बना जहर: 2 बच्चों समेत 9 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, दो की हालत गंभीर

Advertisement Carousel

 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली मशरूम (पुटु/खुखड़ी) खाना एक परिवार और ग्रामीणों पर भारी पड़ गया। दो बच्चों समेत 9 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जंगली मशरूम खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, सभी लोगों ने जंगल से लाए गए जंगली मशरूम (पुटु/खुखड़ी) का सेवन किया था। कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, घबराहट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं। हालत बिगड़ते देख परिजन तत्काल सभी को वाड्राफनगर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।

दो मरीजों की हालत गंभीर

प्राथमिक उपचार के बाद सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दो मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन पर विशेष नजर रखी जा रही है।

BMO की लोगों से अपील

बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने लोगों से बारिश के मौसम में जंगली मशरूम (पुटु/खुखड़ी) खाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जंगल में उगने वाले कई मशरूम जहरीले होते हैं और इन्हें पहचानना आसान नहीं होता। ऐसे मशरूम का सेवन जानलेवा साबित हो सकता है।

बारिश के मौसम में बरतें सावधानी

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना विशेषज्ञ की पहचान के किसी भी जंगली मशरूम का सेवन न करें। बारिश के मौसम में जहरीले मशरूम तेजी से उगते हैं और थोड़ी सी लापरवाही गंभीर फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकती है।