#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज से बारिश पर ब्रेक, बढ़ेगा तापमान; रायपुर में धूप निकली, गरज-चमक के आसार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बाद बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

दो दिनों बाद राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह धूप खिली, जिससे लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा।

बारिश कम होगी, लेकिन इन इलाकों में अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) की भी आशंका है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रही द्रोणिका (ट्रफ) के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

दुर्ग सबसे गर्म, राजनांदगांव और पेंड्रा सबसे ठंडे

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई।

 

दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।