आगरा में बारिश के बीच बड़ा हादसा: कपड़े की दुकान ढही, 5 लोग मलबे में दबे; एक महिला की तलाश जारी

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार में एक कपड़े की दुकान अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय दुकान में मौजूद पांच लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक महिला की तलाश अब भी जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में प्रशासन की मदद कर रहे हैं।
बारिश के दौरान अचानक गिरी दुकान
जानकारी के अनुसार, केदार नगर निवासी दिलीप की सुभाष बाजार में राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर नाम से कपड़े की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे वह दुकान के बाहर बैठे थे, जबकि कर्मचारी अंदर मौजूद थे। इसी दौरान बारिश के बीच दुकान अचानक ढह गई और अंदर मौजूद लोग मलबे में दब गए।
महिला सिपाही और परिवार भी हादसे का शिकार
हादसे के समय महिला सिपाही अनीता अपनी मां गंगा देवी और बेटी के साथ खरीदारी करने दुकान पहुंची थीं। तीनों मलबे में दब गईं। स्थानीय लोगों ने अनीता और उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी मां गंगा देवी का अब तक पता नहीं चल सका है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। दमकल विभाग की मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल भी मौके पर तैनात की गई है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि राहत कार्य पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।


