Big news : भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव पांडेय का तबादला, सुरुचि सिंह बनीं पहली महिला आयुक्त

भिलाई। भिलाई नगर निगम में लंबे समय से चल रहे प्रशासनिक विवाद के बीच आखिरकार निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का तबादला कर दिया गया है। राज्य सरकार ने उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर के पद पर पदस्थ किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
राजीव कुमार पांडेय और महापौर नीरज पाल के बीच पिछले काफी समय से विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों को लेकर खींचतान चल रही थी। महापौर और कांग्रेस पार्षदों ने आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर लगातार मोर्चा खोला हुआ था। हालांकि, इस संबंध में दायर याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो गई थी, लेकिन अब जारी हुए तबादला आदेश को महापौर खेमे की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
सुरुचि सिंह को मिली नई जिम्मेदारी
राजीव कुमार पांडेय की जगह 2020 बैच की आईएएस अधिकारी सुरुचि सिंह, जो वर्तमान में राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हैं, को भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
30 साल में पहली महिला आयुक्त
8 जून 1996 को भिलाई नगर निगम के गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब किसी महिला अधिकारी को निगम आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक निगम में 26 आयुक्त पदस्थ रह चुके हैं, जबकि सुरुचि सिंह 27वीं आयुक्त और पहली महिला आयुक्त होंगी।
नई आयुक्त के सामने होंगी बड़ी चुनौतियां
सुरुचि सिंह के सामने निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने, कर्मचारियों के वेतन संकट, आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और राजस्व वसूली बढ़ाने जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। साथ ही शहर के विकास कार्यों में तेजी लाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।




