रायपुर प्रेस क्लब का होगा कायाकल्प, एक करोड़ रुपये से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

रायपुर। राजधानी रायपुर के अनुरूप रायपुर प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की राशि से प्रेस क्लब भवन का जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण किया जाएगा। गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान भवन की वर्तमान आवश्यकताओं का आकलन किया गया और आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप निर्माण, इंटीरियर, साज-सज्जा एवं आधारभूत ढांचे की रूपरेखा पर चर्चा हुई। जनसंपर्क आयुक्त ने वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों से सुझाव लेकर उन्हें योजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
प्रेस क्लब में विकसित होंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित योजना के तहत प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस सभागार, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग ज़ोन, ड्रॉइंग एवं लाउंज हॉल, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, जिम हॉल, सुविधायुक्त शौचालय तथा आकर्षक आउटर लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य राजधानी के पत्रकारों को आधुनिक, सुविधासंपन्न और गरिमामय कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।
निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू
निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क विभाग, रायपुर प्रेस क्लब और नगर निगम के बीच समन्वय बनाते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया।
राजधानी की गरिमा के अनुरूप बनेगा प्रेस क्लब
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने प्रेस क्लब की वर्तमान आवश्यकताओं और प्रस्तावित जीर्णोद्धार की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा मिली स्वीकृति पत्रकार समुदाय के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे राजधानी को एक आधुनिक प्रेस क्लब मिलेगा।
ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े, कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, ज़ाकिर घुड़सेना, संतोष साहू, चंदन साहू, नीरज मिश्रा और संजीव सिन्हा उपस्थित रहे।
इसके अलावा रायपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, बृजेश चौबे और रामावतार तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, विजय मिश्रा, यशवंत धोटे, प्रफुल्ल पारे, रवि भोई, राजेश जोशी, संजीव वर्मा, ई.वी. मुरली, समीर शुक्ला, संदीप तिवारी, मनीष वोरा, शंकर चंद्राकर, पप्पू फरिश्ता, प्रदीप चंद्रवंशी, प्रहलाद दमाहे, मनोज बघेल, चंद्रकांत दौंड, रमेश पाण्डेय, जतिन नचरानी, गिरीश केसरवानी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।





