#प्रदेश

रायपुर पश्चिम में विकास को मिली रफ्तार, शहीद भगत सिंह वार्ड में ₹133.08 लाख के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक-21 में शुक्रवार को ₹133.08 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने इन कार्यों की शुरुआत करते हुए कहा कि जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास करना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र का कोई भी वार्ड विकास से अछूता नहीं रहेगा।

टाटीबंध स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर, क्षेत्रीय पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान टाटीबंध में निर्मित सामुदायिक भवन तथा यदुवंशी चौक स्थित अपूर्ण रंगमंच के पूर्णता कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वार्ड में नाली निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय की बाउंड्रीवाल, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

राजेश मूणत ने कहा कि विकास केवल सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना उसका वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वार्ड में शुरू किए गए सभी कार्य स्थानीय लोगों की मांग और क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।

नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि किसी भी शहर का विकास उसके वार्डों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से आंका जाता है। नाली, आंगनबाड़ी, विद्यालयीन अधोसंरचना और सामुदायिक भवन जैसे कार्य सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़े होते हैं और इनसे क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी।

करीब ₹133.08 लाख की लागत से शुरू हुए इन विकास कार्यों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों का निर्माण, बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूलों में आवश्यक अधोसंरचना, सामुदायिक भवन सहित कई जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। इनके पूरा होने से वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।