#प्रदेश

CG विधानसभा मानसून सत्र: दूसरे दिन सदन में जल जीवन मिशन पर सरकार से सवाल, अविश्वास प्रस्ताव पर भी रहेगी नजर

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को शुरू हो गई। सदन की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई, जहां भाजपा विधायक भईया लाल राजवाड़े ने जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता और उनके भौतिक सत्यापन को लेकर सरकार से सवाल उठाए।

इन सवालों का जवाब उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने सदन में दिया।

अविश्वास प्रस्ताव पर टिकी निगाहें

आज की कार्यवाही राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम मानी जा रही है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगी, जिससे सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

इन मुद्दों पर भी होगी चर्चा

सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत कई अहम जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से—

प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण का मामला।
जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा।
विधायक पेश करेंगे याचिकाएं

इसके अलावा भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न जनहित याचिकाएं सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।

आज के विधानसभा सत्र में जल जीवन मिशन, अविश्वास प्रस्ताव और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने के आसार हैं।