#अंतरराष्ट्रीय #राष्ट्रीय

ईरानी मिसाइल हमले से दहला होर्मुज जलडमरूमध्य, UAE के दो तेल टैंकर बने निशाना; भारतीय क्रू मेंबर की मौत, 8 घायल

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली/अबू धाबी। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ओमान के क्षेत्रीय जल क्षेत्र से गुजर रहे UAE के दो राष्ट्रीय तेल टैंकर ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ पर ईरान की ओर से दागी गई दो क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।

6 भारतीय समेत 8 लोग घायल

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, घायलों में 6 भारतीय नागरिक और 2 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद दोनों टैंकरों में भीषण आग लग गई, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। दोनों जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा है।

UAE ने दी कड़ी चेतावनी

हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए UAE रक्षा मंत्रालय ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने कहा कि यह हमला क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि UAE अपनी संप्रभुता, राष्ट्रीय हितों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है। किसी भी खतरे का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए देश पूरी तरह तैयार और सतर्क है।

अफवाहों से बचने की अपील

रक्षा मंत्रालय ने लोगों से केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहें और अपुष्ट जानकारी साझा न करने का आग्रह किया गया है।

विदेश मंत्रालय ने भी की निंदा

UAE के विदेश मंत्रालय ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का गंभीर उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक के प्रति शोक व्यक्त करते हुए भारत सरकार और भारतीय जनता के प्रति संवेदना प्रकट की।

साथ ही UAE ने सभी पक्षों से शत्रुतापूर्ण गतिविधियां तत्काल बंद करने और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह सुरक्षित और खुला रखने की अपील की।