#प्रदेश

Jagannath Rath Yatra 2026: रायपुर में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल और CM निभाएंगे ‘छेरा पहरा’ की परंपरा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा तीनों दिव्य रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। वहीं 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा (वापसी रथयात्रा) का आयोजन किया जाएगा।

14 जुलाई को होगा नेत्रोत्सव

रथयात्रा से पहले 14 जुलाई की शाम 6 बजे मंदिर परिसर में भगवान के नेत्रोत्सव का पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री निभाएंगे ‘छेरा पहरा’

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि रथयात्रा के दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के सामने सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाएंगे।उन्होंने कहा कि यह परंपरा सेवा, समर्पण और समानता का प्रतीक मानी जाती है।

विधानसभा अध्यक्ष सहित कई गणमान्य होंगे शामिल

रथयात्रा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

सुबह 11 बजे से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान

रथयात्रा के दिन सुबह 11 बजे वैदिक पंडितों के सान्निध्य में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया जाएगा।

भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर सहित सुगंधित द्रव्यों से दिव्य स्नान कराया जाएगा। इसके बाद गजामूंग महाप्रसाद अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को उनके रथों पर विराजमान कराया जाएगा।

रथयात्रा को लेकर मंदिर परिसर और पूरे शहर में भक्तों के बीच उत्साह का माहौल है।