#प्रदेश

महादेव बेटिंग ऐप केस में विकास गर्ग 10 दिन की ईडी रिमांड पर, कोर्ट ने पूछताछ की दी अनुमति

Advertisement Carousel

 

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को विशेष PMLA कोर्ट ने 10 दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। अदालत के आदेश के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब 24 जुलाई तक विकास गर्ग से मामले के विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ करेगा।

ईडी ने विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाने के बाद एजेंसी ने विशेष पीएमएलए कोर्ट में 14 दिनों की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 10 दिन की रिमांड मंजूर की।

मनी लॉन्ड्रिंग और निवेश की होगी जांच

ईडी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से अर्जित कथित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली विभिन्न कंपनियों में निवेश किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इस धन को कई कंपनियों के जरिए लेयरिंग कर शेयरों, सिक्योरिटीज और अन्य परिसंपत्तियों में लगाया गया।

एजेंसी अब रिमांड के दौरान कथित मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला लेन-देन, निवेश के स्रोत, फंड फ्लो और अन्य आरोपियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच करेगी।

940 करोड़ से अधिक की संपत्तियां पहले ही अटैच

ईडी इस मामले में पहले ही विकास गर्ग, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं। ईडी का आरोप है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के माध्यम से कथित अवैध धन का इस्तेमाल कर EbixCash में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई।

24 जुलाई को फिर होगी कोर्ट में पेशी

ईडी के विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय ने बताया कि अदालत ने विकास गर्ग को 10 दिनों की ईडी रिमांड पर भेजा है। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें 24 जुलाई को दोबारा विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा।