Close

जिले के गौठानों में मनाया गया पारंपरिक हरेली तिहार

० हरेली पर पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू से महके गौठान, गेड़ी, फुगड़ी खेल का आयोजन, कृषि यंत्रों की हुई पूजा
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य का सबसे पहला प्रमुख तिहार हरेली ग्राम पंचायतों में परम्परागत रूप से मनाया गया। इस दौरान रोका- छेका, वृक्षारोपण के अलावा गेड़ी, भौरा, फुगड़ी के साथ छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल भी प्रारम्भ हुआ। हरेली तिहार के मौके पर ग्राम पंचायतों में कृषि यंत्रों की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान सरपंच, सचिव, राजीव युवा मितान क्लब, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों व विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजन किया गया।

कलेक्टर सुश्री रिचा प्रकाश चौधरी के निर्देशन में जिले की गौठानों में हरेली त्यौहार एवं ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ ज्योति पटेल ने बताया कि राज्य की संस्कृति, ग्रामीण कृषि परिवेश, परंपरा और आस्था के इस पर्व को जिले की गौठानों में 17 जुलाई को मनाया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की खुशबू के साथ ही छत्तीसगढ़ी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हरेली तिहार के दिन गौठानों में गेड़ी-दौड़, कुर्सी दौड़, फुगड़ी, रस्सा-कस्सी, भौंरा, नारियल फेंक प्रतियोगिता के अलावा छत्तीसगढ़ी व्यंजन जैसे ठेठरी, खुरमी, चीला, गुलगुला भजिया, बरा आदि के स्टॉल लगाये गए। इस दौरान कृषि यंत्रों की पूजा, पशुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाये गए। इस मौके पर गायों को चारा भी खिलाया गया साथ ही गौठान में पौधरोपण किया गया।

गौठानो में हरेली तिहार
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा रसोटा गौठान में हरेली तिहार के मौके पर गेड़ी चढ़कर छत्तीसगढ़ ओलंपिक खेल का उदघाटन किया। ग्राम पंचायत जर्वे च गौठान में हरेली त्योहार व छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से इंजी रवि पांडे, सरपंच, पंच, सचिव, राजीव मितान क्लब के सदस्य, समूह की महिलाएं, बच्चे, ग्रामजन व विभागीय अधिकारी मौजूद थे। इसके साथ ही पोंच, बिरगहनी, हरदी में आयोजन हुआ।

विख नवागढ़ के खोखरा गोठान में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजन हुआ।
इसके अलावा जनपद पंचायत पामगढ़ में गौठान ग्राम नंदेली एवम कोसीर में रोका छेका कार्यक्रम में स्व सहायता समूह, किसानों को वर्मी कम्पोस्ट खाद की उपयोगिता, लाभ की जानकारी देते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने जानकारी दी। अकलतरा जनपद पंचायत की बरगबा, तिलई, सोनसरी, पकरिया झूलन, कटघरी, बरपाली, किरारी में हरेली तिहार मनाया गया।

scroll to top