भारत के लिए ऐतिहासिक दिन:PM मोदी ने दिखाई पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी, भारत बना दुनिया का 5वां देश

जींद। भारतीय रेलवे के इतिहास में शुक्रवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने हरित और आधुनिक रेल तकनीक के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है।
हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री एकलव्य स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया तथा विशाल जनसभा को संबोधित किया।
CM बोले- हरियाणा के लिए गौरव का क्षण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा, “आज का दिन पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। ग्रीन एनर्जी के संकल्प का परिणाम है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गौरव हरियाणा और जींद को मिला है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक, नवाचार और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है। पहले भारत तकनीक का आयात करता था, आज दुनिया भारतीय नवाचार की ओर देख रही है।
25 रुपये में हाईटेक सफर
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर चलेगी। ट्रेन में 10 आधुनिक कोच लगाए गए हैं और यह करीब 2,600 यात्रियों को एक साथ सफर कराने में सक्षम है। आम यात्रियों के लिए अधिकतम किराया 25 रुपये रखा गया है।
12 स्टेशनों पर ठहराव
यह ट्रेन जींद, गोहाना, बुटाना, मोहाना समेत कुल 12 स्टेशनों पर रुकेगी। इसकी परिचालन गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि इसे 110 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति के अनुरूप डिजाइन किया गया है।
‘मेक इन इंडिया’ की नई पहचान
पूरी तरह ‘मेक in इंडिया’ के तहत विकसित यह ट्रेन पर्यावरण के अनुकूल है। यह डीजल इंजन की तरह धुआं या कार्बन उत्सर्जन नहीं करती, बल्कि केवल पानी की भाप और गर्मी छोड़ती है। इससे रेलवे के ग्रीन ट्रांसपोर्ट मिशन को नई दिशा मिलेगी।
जींद बना देश का हाइड्रोजन हब
इस परियोजना के लिए जींद में देश का सबसे बड़ा हाइड्रोजन स्टोरेज और रिफ्यूलिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। भविष्य में हाइड्रोजन आधारित ट्रेनों के विस्तार में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रैली में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे हरियाणा के विकास और भारतीय रेलवे के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान विकास, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।




