अमरनाथ यात्रियों से भरी बस में लगी भीषण आग, 54 लोगों की जान बची; रामबन में टला बड़ा हादसा

० श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर टायर फटने के बाद धू-धू कर जली बस, यात्रियों का पूरा सामान राख; दमकल कर्मी झुलसा
रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। रामबन जिले के करोल क्षेत्र में अमरनाथ यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। सुरक्षाबलों, पुलिस और राहत एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 54 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ, हालांकि आग बुझाने के दौरान एक दमकल कर्मी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के श्रद्धालुओं को लेकर स्लीपर बस (RJ27PC-9921) श्रीनगर से जम्मू जा रही थी। करोल के पास अचानक बस का टायर फट गया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, सिविल क्विक रिस्पांस टीम और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। संयुक्त अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बड़ा हादसा होने से टल गया।
दमकल कर्मी झुलसा, अस्पताल रेफर
आग बुझाने के दौरान अग्निशमन विभाग के जवान एसजीसीटी मनहर लाल भट्ट झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।
सिर्फ पहने हुए कपड़ों में बचे श्रद्धालु
भीषण आग में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यात्रियों का सामान, कपड़े और अन्य निजी वस्तुएं भी आग की भेंट चढ़ गईं। श्रद्धालुओं के पास केवल उनके पहने हुए कपड़े ही बचे।
प्रशासन ने किया राहत का इंतजाम
रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की। प्रशासन ने उनके भोजन, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की। बाद में सभी श्रद्धालुओं को दूसरी बस से जम्मू के लिए रवाना कर दिया गया।
उधर, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना की जानकारी लेकर अधिकारियों को प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए।





