#प्रदेश

स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू: CM रायपुर में फहराएंगे तिरंगा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर होगा सामूहिक गायन

Advertisement Carousel

० छत्तीसगढ़ शासन ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान, सरकारी भवनों पर होगी विशेष रोशनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस वर्ष का आयोजन खास रहेगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन ने सभी जिला कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को समारोहों की समुचित तैयारी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रायपुर में CM करेंगे ध्वजारोहण

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त की सुबह 9 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। इस अवसर पर बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी।

‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा अनिवार्य

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर सभी शासकीय समारोहों में सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है। शासन ने इसे इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण बनाया है।

जिला और ब्लॉक स्तर पर होंगे समारोह

जिला मुख्यालयों पर शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

जनपद पंचायतों में जनपद अध्यक्ष, नगर निकायों में अध्यक्ष तथा ग्राम पंचायतों में सरपंच ध्वजारोहण करेंगे। सभी स्थानों पर राष्ट्रगान, देशभक्ति कार्यक्रम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान

राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को जिला स्तरीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए।

इसके अलावा 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।

सरकारी भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को विशेष रोशनी से सजाया जाएगा। इसका खर्च संबंधित विभाग वहन करेंगे। आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की गई है।

स्कूलों और संस्थानों के लिए विशेष निर्देश

शासन ने सभी शासकीय और शिक्षण संस्थानों को सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण जैसे आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। समारोहों में केवल देशभक्ति और मर्यादित गीतों के प्रसारण की अनुमति रहेगी।