कोयला-शराब घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की रिमांड 5 दिन और बढ़ी, 22 जुलाई तक EOW करेगी पूछताछ

० कोयला घोटाले के बाद शराब घोटाला केस में भी गिरफ्तारी, वित्तीय लेनदेन और अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही जांच एजेंसी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला और शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। अदालत ने उन्हें 5 दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब वे 22 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की हिरासत में रहेंगे।
रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने रिमांड बढ़ाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि EOW ने आगे की पूछताछ के लिए अदालत से अतिरिक्त रिमांड की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।
पहले कोयला, फिर शराब घोटाले में गिरफ्तारी
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें वे 9 दिनों की पुलिस रिमांड पर थे। इसी दौरान EOW ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसी दोनों मामलों को लेकर उनसे लगातार पूछताछ कर रही है।
वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क की होगी जांच
सूत्रों के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान EOW कथित घोटालों से जुड़े वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजी साक्ष्य, हवाला कनेक्शन और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी इस मामले में कई अहम जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही है।





