#राष्ट्रीय

जंतर-मंतर से अचानक हटाए गए सोनम वांगचुक, अस्पताल ले जाने पर भड़का विरोध; दिल्ली में सियासी पारा हाई

Advertisement Carousel

० 20 दिनों की भूख हड़ताल के बीच पुलिस की कार्रवाई, जंतर-मंतर खाली कराने की कोशिश; विपक्ष और प्रदर्शनकारियों ने सरकार को घेरा

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने मेडिकल निगरानी के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया। इस कार्रवाई के बाद जंतर-मंतर पर हंगामा मच गया। भारी संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी, जबकि पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

पुलिस ने जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी और प्रदर्शनकारियों से धरना स्थल खाली करने की अपील की। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई।

सूत्रों के मुताबिक, सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे होश में हैं।

नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश, मेडिकल सलाह और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए वांगचुक को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

सरकार पर विपक्ष का हमला

पुलिस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अनशनकारी की मांगों पर संवाद करने के बजाय उन्हें जबरन अस्पताल भेजना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बलपूर्वक कार्रवाई की और प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन समाप्त नहीं होगा और 20 जुलाई को संसद मार्च किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग भी की। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का पक्ष

दिल्ली पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के निर्देश, मेडिकल सलाह और सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई है। फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।