#प्रदेश

बारिश से बिगड़े हालात पर सीएम विष्णुदेव साय सख्त, राहत-बचाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Advertisement Carousel

० बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में जलभराव की स्थिति पर मुख्यमंत्री की नजर; हर प्रभावित परिवार तक तत्काल राहत पहुंचाने के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार बारिश से बने जलभराव और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही जलभराव वाले इलाकों से पानी की शीघ्र निकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और जनसुविधाओं की जल्द बहाली के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों की स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन, राहत सामग्री और प्रशासनिक सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।