#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, बिलासपुर में 28 सेमी बारिश, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि बिलासपुर में 28 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बिलासपुर में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर में सबसे अधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।

तापमान की बात करें तो पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक 18 जुलाई को राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ और लो-प्रेशर सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका अमृतसर, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना होते हुए निम्न दबाव के क्षेत्र से गुजरते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद और सक्ती जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है.