Blast Breaking : अहमदाबाद की पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आग में 8 लोगों की मौत; 15 घायल

० धमाकों से दहला इलाका, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार; पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग लगने के बाद फैक्टरी में रखे विस्फोटकों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रामोल-गात्राड रोड स्थित मेहमदपुरा की टैलेंट पटाखा फैक्टरी में हुआ। आग लगते ही फैक्टरी में रखे पटाखों और विस्फोटक सामग्री में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जबकि काले धुएं का घना गुबार कई सौ मीटर ऊंचाई तक उठ गया, जिसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में घायल लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।
साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।





