#प्रदेश

बिलासपुर में रफ्तार का कहर: हाईवे पर काम कर रही महिला मजदूर को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत

Advertisement Carousel

 

० रतनपुर के पास नेशनल हाईवे पर हादसा, बजरी से लदा ट्रेलर भी पलटा; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल, परिजनों ने मांगा मुआवजा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नेशनल हाईवे पर काम कर रही महिला मजदूर की जान चली गई। अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर स्थित छोटू ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने काम में जुटी महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हादसे के बाद बजरी से लदा ट्रेलर भी पलट गया।

मृतका की पहचान महिमा कोसले के रूप में हुई है। वह नेशनल हाईवे पर सड़क की सफाई और रखरखाव के कार्य में लगी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (क्रमांक BR-03GC-9045) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि सड़क पर काम के दौरान न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा संकेतक मौजूद थे, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया।

मृतका के परिजन प्रीतम कोसले ने बताया कि महिमा उनके भाई की पत्नी थी और एनएच प्रशासन के तहत चल रहे कार्य में मजदूरी कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। परिजनों ने राज्य सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन से उचित मुआवजा देने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।