CG विधानसभा: अविश्वास प्रस्ताव पर CM साय का पलटवार, बोले- कांग्रेस का प्रस्ताव जनता के जनादेश के खिलाफ, हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी निभाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। लगभग पूरे भाषण में उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों और अपनी सरकार के ढाई वर्षों की तुलना करते हुए विपक्ष के आरोपों को “निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक हताशा” करार दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने लगातार भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
‘जनता ने कांग्रेस को विपक्ष में बैठाया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस सरकार पर कांग्रेस अविश्वास जता रही है, उसी सरकार के पक्ष में जनता ने बार-बार विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका दी है और अब वही पार्टी जनता के फैसले पर सवाल उठा रही है। उन्होंने टिप्पणी की कि जिस दल पर जनता ने स्वयं अविश्वास जता दिया हो, उसे सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस पर वादाखिलाफी और घोटालों के आरोप
विष्णु देव साय ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी, बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसे कई वादे अधूरे रह गए। उन्होंने पूर्व सरकार के कार्यकाल को शराब, कोयला, डीएमएफ, राशन, महादेव ऐप और पीएससी भर्ती विवाद जैसे मामलों से जोड़ते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता संभालते ही पीएससी मामले की जांच सीबीआई को सौंपकर युवाओं का विश्वास बहाल किया।
‘ढाई साल में मोदी की गारंटी धरातल पर उतारी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तेज क्रियान्वयन और गरीबों को पक्के मकान देने जैसे वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जिन योजनाओं को कमजोर किया था, उन्हें वर्तमान सरकार ने फिर से गति दी।
महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत करोड़ों रुपये सीधे महिलाओं के खातों में भेजे गए हैं। स्व-सहायता समूहों को फिर से काम दिया गया है और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई फैसले लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, बिजली सब्सिडी और कृषि अधोसंरचना पर रिकॉर्ड निवेश किया गया है। साथ ही पैक्स के कम्प्यूटरीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
आदिवासी विकास और नक्सलवाद पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाया, चरणपादुका योजना फिर शुरू की और प्रधानमंत्री जनमन योजना व धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए विशेष रूप से कमजोर जनजातीय वर्गों तक विकास पहुंचाया।
नक्सलवाद पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य निर्णायक सफलता की ओर बढ़ रहा है। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली, डायल-112 के विस्तार और नए साइबर थानों का भी उल्लेख किया।
युवा, शिक्षा और उद्योग पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, पुलिस भर्ती, पांच नए मेडिकल कॉलेज, मुख्यमंत्री एआई मिशन, आईटीआई उन्नयन और नवा रायपुर को शिक्षा एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं।
उन्होंने दावा किया कि नई औद्योगिक नीति के कारण राज्य को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
बिजली और ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 76 हजार से अधिक घरों में सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं और प्रतिदिन 500 से अधिक नए संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं का 910 करोड़ रुपये का सरचार्ज माफ किया गया है।
डीएमएफ और खनिज राजस्व पर कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में जिला खनिज संस्थान निधि (DMF) में भारी अनियमितताएं हुईं और “40 प्रतिशत कमीशन” की व्यवस्था चलती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने डिजिटल व्यवस्था और पारदर्शी नीतियों के जरिए रिकॉर्ड खनिज राजस्व अर्जित किया है।
प्रशासनिक सुधारों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने ई-ऑफिस, बायोमेट्रिक उपस्थिति, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु, ऑटो म्यूटेशन, स्मार्ट रजिस्ट्री कार्यालय, सुशासन तिहार और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान जैसी पहलें शुरू कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति पर भी साधा निशाना
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि धारा 370, राम मंदिर और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर कांग्रेस का रुख देश की भावना के अनुरूप नहीं रहा।
‘अविश्वास प्रस्ताव राजनीतिक नौटंकी’
समापन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव “पूरी तरह खोखला, आधारहीन और राजनीतिक नौटंकी” है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरोसा भाजपा सरकार के साथ है और सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।





