#प्रदेश

कवर्धा के कस्तूरबा छात्रावास में एक साथ बिगड़ी छात्राओं की तबीयत, फूड पॉइजनिंग की आशंका; 4 रेफर

Advertisement Carousel

कवर्धा। कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को कई छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 10 से 15 छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक-एक कर कई छात्राओं की तबीयत अचानक खराब होने लगी। छात्राओं ने पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत की, जिसके बाद छात्रावास प्रशासन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने सभी बीमार छात्राओं को उपचार के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने चार छात्राओं की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पंडरिया रेफर कर दिया, जबकि अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि बीमार होने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी छात्राओं की हालत स्थिर है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, पेयजल और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।