बैंक ऑफ इंडिया का ‘किसान समृद्धि उत्सव’, 16 हितग्राहियों को 4.20 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

० किसान माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में कृषि योजनाओं और आधुनिक खेती पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
रायपुर। बैंक ऑफ इंडिया, रायपुर अंचल की ओर से किसान माह के तहत ‘किसान समृद्धि उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों, स्वयं सहायता समूहों और कृषि उद्यमियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 16 हितग्राहियों को करीब 4.20 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक शारदा भूषण राय, गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, कृषि विभाग के उप अभियंता सुधीर वर्मा, रायपुर अंचल के आंचलिक प्रबंधक विनय उपकारी और उप आंचलिक प्रबंधक सुदीप नियोगी मौजूद रहे।
आंचलिक प्रबंधक विनय उपकारी ने बैंक की कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। वहीं मुख्य महाप्रबंधक शारदा भूषण राय ने देश की अर्थव्यवस्था में कृषि की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए किसानों को बैंक की ऋण योजनाओं का लाभ लेने और समय पर ऋण चुकाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों का तेजी से विस्तार हो रहा है और युवा किसान आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने में बैंक ऑफ इंडिया की भूमिका की सराहना की।
कृषि विभाग के उप अभियंता सुधीर वर्मा ने कृषि यंत्रीकरण अभियान और सरकारी अनुदान योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 1,300 कस्टम हायरिंग सेंटर और 100 से अधिक फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में बैंक के स्टार कृषि विकास केंद्र की प्रभारी अमृता कुमारी ने किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यंत्रीकरण, कृषि अधोसंरचना, कृषि वाहन ऋण और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपलब्ध वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान बैंक की सहायता से स्थापित उद्योगों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। किसानों और स्वयं सहायता समूहों ने अपने अनुभव साझा किए तथा बैंक अधिकारियों ने उनकी समस्याओं और शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में किसानों का सम्मान कर उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।





