#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर जारी, रायपुर समेत कई जिलों में अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार

Advertisement Carousel

० राजधानी में सावन जैसी झड़ी, जुलाई का दूसरा मजबूत सिस्टम सक्रिय; सूरजपुर में 190 मिमी बारिश दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून ने पूरे प्रदेश को बारिश की चादर में लपेट लिया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में पिछले एक सप्ताह से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बुधवार को रायपुर में आषाढ़ के महीने में ही सावन जैसा मौसम देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बना दूसरा मजबूत सिस्टम अगले 48 घंटे तक असर दिखाएगा, जिससे कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जुलाई में सक्रिय हुआ यह दूसरा मजबूत सिस्टम प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश करा रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है।

आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

बीते 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई?
सूरजपुर: 190 मिमी
अंबिकापुर: 100 मिमी
रायपुर: 80 मिमी
रायगढ़, डोंगरगांव, बलौदाबाजार, राजनांदगांव और माना: 70-70 मिमी
सारंगढ़ सबसे आगे, 11 जिलों में अब भी बारिश की कमी

इस मानसून सीजन में सारंगढ़ में अब तक 613 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 373 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा जांजगीर (574 मिमी), मुंगेली (525 मिमी) और बिलासपुर (492 मिमी) में भी सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। वहीं रायपुर में अब तक करीब 150 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य श्रेणी में है।

हालांकि प्रदेश में अब तक औसतन 381 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 17 प्रतिशत कम है। कांकेर, सरगुजा, कोंडागांव और मोहला-मानपुर समेत 11 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।