राजीव भवन बवाल: कांग्रेस के 12 नेताओं पर एक और FIR, पुलिस पर बोतल-पत्थर फेंकने का आरोप

० भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हंगामे के मामले में खम्हारडीह थाने में केस दर्ज, वीडियो फुटेज के आधार पर जांच तेज
रायपुर। भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए बवाल में पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बल प्रयोग और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया जा रहा था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगे।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके। इस घटना में प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट लगी। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
पुलिस ने इस मामले में सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया है।
सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर अन्य प्रदर्शनकारियों के नाम भी एफआईआर में जोड़े जा सकते हैं।




