#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में खरीफ बोनी ने पकड़ी रफ्तार, 69% लक्ष्य पूरा; किसानों को खाद-बीज और ऋण की सुविधा

Advertisement Carousel

 

० 33.50 लाख हेक्टेयर में हुई बोनी, 6,633 करोड़ रुपये से अधिक का कृषि ऋण वितरित; CM साय ने समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून के बीच खरीफ सीजन की खेती रफ्तार पकड़ चुकी है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 22 जुलाई तक राज्य में 48.69 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। यह कुल लक्ष्य का करीब 69 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को समय पर प्रमाणित खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

कृषि विभाग के अनुसार, अब तक किसानों को 9.22 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। प्रदेश में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की बुवाई तेजी से जारी है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, 22 जुलाई तक राज्य में औसतन 389.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, खरीफ 2026 के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले प्रमाणित बीज वितरण 83 प्रतिशत और उर्वरक वितरण 59 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी दिया जा रहा है। 21 जुलाई तक किसानों को 6,633.71 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जबकि चालू खरीफ सीजन में 8,800 करोड़ रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है।