#प्रदेश

NEET पेपर लीक और छात्र लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कुरूद में PM का पुतला फूंका

Advertisement Carousel

 

० राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में भी कांग्रेसियों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप

धमतरी/कुरूद। नीट पेपर लीक, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धमतरी में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कुरूद ब्लॉक कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संपत राय ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों की आवाज उठाने के दौरान राहुल गांधी ने संसद और सड़क दोनों जगह युवाओं का पक्ष रखा, लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रदर्शन आयोजित किया गया।

पूर्व विधायक कुरूद एवं पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक लेखराम साहू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।

लेखराम साहू ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में छात्र ही नहीं, आम जनता भी वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान है।

इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुरूद, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।