#प्रदेश

IGKV कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, बायोटेक पार्क योजना समिति के सदस्य बने

Advertisement Carousel

 

० केंद्र सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने किया चयन, देशभर में बायोटेक पार्क परियोजनाओं की निगरानी और मंजूरी में निभाएंगे अहम भूमिका

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) द्वारा गठित राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना की स्टीयरिंग सह प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस संबंध में मंत्रालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

राष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी पार्क योजना का उद्देश्य देश में जैव प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों, स्टार्टअप और अनुसंधान को बढ़ावा देना है। इसके तहत विभिन्न राज्यों में बायोटेक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके लिए केंद्र सरकार राज्यों के सहयोग से वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करा रही है।

राष्ट्रीय स्तर पर गठित यह समिति देशभर में प्रस्तावित बायोटेक पार्क परियोजनाओं के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदनों (DPR) को मंजूरी देने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन की निगरानी करेगी। समिति परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन और समन्वय भी सुनिश्चित करेगी।

डॉ. गिरीश चंदेल की इस महत्वपूर्ण समिति में नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य को कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा। साथ ही उनकी विशेषज्ञता का लाभ देश में बायोटेक आधारित उद्योगों, स्टार्टअप और शोध परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।