#Uncategorized #प्रदेश

बालोद में भीषण सड़क हादसा: बिजली के खंभे से टकराई कार, इंजीनियरिंग छात्रा की मौत, 5 घायल

Advertisement Carousel

 

० बुआ की शादी में शामिल होने आई थी 21 वर्षीय छात्रा, चौथिया कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर स्विफ्ट कार (सीजी 07 बीएम 1040) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही शारदा पाटिल, जो अपनी बुआ की शादी में शामिल होने घर आई थीं, ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है।