#अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा, जानें पद छोड़ने की वजह

Advertisement Carousel

 

० स्वास्थ्य कारणों का दिया हवाला, नए राष्ट्रपति के चुनाव तक संसदीय अध्यक्ष संभालेंगे कार्यभार

ढाका। बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल अभी करीब दो वर्ष शेष था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके इस्तीफे की अटकलें तेज थीं। राष्ट्रपति के एक करीबी सहयोगी ने उनके इस्तीफे की पुष्टि की है।

स्वास्थ्य कारणों से छोड़ा पद

76 वर्षीय मोहम्मद शहाबुद्दीन ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में बताया कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया। राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता के अनुसार, उनका इस्तीफा संसद को भेज दिया गया है।

कार्यवाहक राष्ट्रपति कौन होंगे?

संविधान के प्रावधानों के तहत राष्ट्रपति का इस्तीफा संसदीय अध्यक्ष हाफिजुद्दीन अहमद को सौंपा जाएगा। नए राष्ट्रपति के निर्वाचन तक वही कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे।

कौन हो सकता है अगला राष्ट्रपति?

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी का नाम नए राष्ट्रपति के संभावित दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि, उनकी नियुक्ति को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।