#प्रदेश

हिमाचल में बड़ा हादसा: लाहौल-स्पीति के कडू नाला के पास पहाड़ी दरकी, भूस्खलन की चपेट में आई टैक्सी, 13 लोगों की मौत

Advertisement Carousel

 

० कुल्लू से पांगी जा रहा वाहन मलबे में दबा; राहत-बचाव अभियान जारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक टाटा सूमो टैक्सी मलबे में दब गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने घटना की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था। सड़क बंद होने से टैक्सी में सवार यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग बहाल होने के बाद वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे टैक्सी पूरी तरह मलबे में दब गई।

घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

बचाव अभियान के दौरान अब तक एक घायल को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य यात्रियों की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि राहत कार्य पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या स्पष्ट हो सकेगी।