#प्रदेश

मकराना में 6 खदानें ध्वस्त, सैकड़ों फीट गहरे गड्ढे में समाई सड़क; 10 गांवों का संपर्क टूटा

Advertisement Carousel

 

० मूसलाधार बारिश और कथित अवैध खनन बना हादसे की वजह, समय रहते काम बंद होने से टला बड़ा हादसा

मकराना। राजस्थान के मकराना स्थित अरावली पॉलीगॉन क्षेत्र में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश और कथित अनियंत्रित अवैध खनन के बीच कालानाडा खनन क्षेत्र में एक के बाद एक करीब छह खदानें ध्वस्त हो गईं। हादसे में कालानाडा-कटाणी मुख्य मार्ग भी धंसकर सैकड़ों फीट गहरे खदान के गड्ढे में समा गया, जिससे आसपास के कई गांवों का संपर्क टूट गया।

गनीमत रही कि घटना के समय खदानों में काम बंद था और सड़क पर कोई आवाजाही नहीं थी। इससे बड़ा जनहानि वाला हादसा टल गया। हालांकि सड़क ध्वस्त होने से मकराना से जुड़े करीब 10 गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने लगाया अवैध खनन का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पॉलीगॉन क्षेत्र की खदानों में पिछले डेढ़ वर्ष से नियमों की अनदेखी कर अवैध खनन किया जा रहा था। उनका कहना है कि अधिक मुनाफे के लिए सड़क और आसपास की कृषि भूमि के नीचे तक खुदाई कर दी गई, जिससे जमीन कमजोर हो गई और आखिरकार यह हादसा हो गया।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई शिकायतें की गई थीं। जानकारी के अनुसार, उपखंड अधिकारी ने खनिज विभाग को सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अब पूरा मार्ग ध्वस्त हो गया।

फिलहाल प्रशासन मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहा है और क्षति का आकलन किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।