#crime #प्रदेश

अंबिकापुर में 9वीं के छात्र की निर्मम हत्या : जंगल में पत्थर से कुचला मिला शव,हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

 

० शाम को खेलने निकला था किशोर, अगले दिन टिहरी जंगल में मिला शव

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 9वीं कक्षा के एक छात्र की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। उदयपुर थाना क्षेत्र के टिहरी जंगल में शुक्रवार सुबह छात्र का शव बरामद हुआ। उसके चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया गया था, जबकि पैर पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं।

मृतक की पहचान 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर के रूप में हुई है, जो ग्राम सलका का निवासी और सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र गुरुवार शाम खेलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

शुक्रवार सुबह योग करने पहुंचे लोगों ने टिहरी जंगल में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां छात्र के चेहरे को पत्थर से कुचला हुआ पाया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।