कोरबा की कार्बन फैक्ट्री में बायलर ब्लास्ट, भीषण आग से मचा हड़कंप; 8 दमकल की मदद से 3 घंटे बाद पाया गया काबू

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शनिवार दोपहर बायलर फटने से भीषण आग लग गई। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय फैक्ट्री में 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ब्लास्ट के बाद काले धुएं से ढका पूरा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बायलर में तेज धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र काले धुएं से भर गया। धुएं के साथ रासायनिक गंध और जलन महसूस होने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
8 दमकल वाहनों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम मौके पर पहुंची। करीब आठ दमकल वाहनों की मदद से लगभग तीन घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग पर काबू पाया गया। आग दोबारा न भड़के, इसके लिए कूलिंग का कार्य भी जारी रखा गया।
प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री क्षेत्र किया सील
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के इलाके को तत्काल सील कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति पर लगातार निगरानी रखी।
एसपी बोले- सभी मजदूर सुरक्षित, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दमकल टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है और अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सभी मजदूर सुरक्षित हैं।
एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
कोरबा एसडीएम सरोज महिलांगे ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। फैक्ट्री प्रबंधन से भी इस संबंध में जवाब मांगा जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फैक्ट्री में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।




