#crime #प्रदेश

रायपुर में दिनदहाड़े 70 लाख की चोरी, अलमारी तोड़ 51.50 लाख नकद और जेवरात ले उड़े चोर

Advertisement Carousel

० मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में वारदात, परिवार के रसोइए पर संदेह; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायपुर। राजधानी के पॉश इलाके मोवा स्थित अशोका आइकन अपार्टमेंट में दिनदहाड़े करीब 70 लाख रुपये की बड़ी चोरी से सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाश घर की अलमारी का ताला तोड़कर 51.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, वारदात उस समय हुई जब परिवार किसी काम से नया रायपुर गया हुआ था। लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि उसमें रखी 51.50 लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। परिवार ने घर में काम करने वाले रसोइए महेंद्र कुमार यादव पर अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया है।

संदिग्ध रसोइए और उसके संभावित साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज, प्रवेश-निकास रिकॉर्ड और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध रसोइए और उसके संभावित साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। शुरुआती जांच में पुलिस अंदरूनी जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।