सोया चाप फैक्ट्री का वीडियो वायरल, बैटर में रील बनाने पर जांच शुरू

० नोएडा के सेक्टर-27 की फैक्ट्री होने का दावा, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच
नोएडा। सोशल मीडिया पर सोया चाप बनाने वाली एक फैक्ट्री का कथित वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो नोएडा के सेक्टर-27 स्थित एक फैक्ट्री का है, जिसमें कर्मचारी सोया चाप के बैटर के बीच रील बनाते और खाद्य स्वच्छता मानकों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में एक कर्मचारी फर्श पर फैले बैटर के ऊपर लेटा दिखाई देता है, जबकि अन्य कर्मचारी उस पर पानी डालते हुए वीडियो बनाते नजर आते हैं। इसी दौरान आसपास सोया चाप तैयार करने का काम भी जारी दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और फैक्ट्री की पहचान की जांच की जा रही है। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
खाद्य विशेषज्ञों का कहना है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन बेहद जरूरी है। अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार खाद्य सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।





