रायपुर में ड्राई ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, बिना पर्ची नशीली दवाएं बेचने वाले 4 मेडिकल स्टोर सील

० 36 से अधिक मेडिकल स्टोरों की जांच, प्रेगाबालिन कैप्सूल और Rexcof DX सिरप की अवैध बिक्री का खुलासा
रायपुर। राजधानी रायपुर में युवाओं के बीच बढ़ते ड्राई ड्रग्स के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस और औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करते पाए जाने पर चार मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया गया। साथ ही संचालकों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, संबंधित थाना पुलिस, औषधि निरीक्षक और औषधि एवं प्रसाधन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में 36 से अधिक मेडिकल स्टोरों की जांच की।
टेस्ट परचेजिंग में खुली पोल
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ मेडिकल स्टोर बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित और नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं, जिनका इस्तेमाल विशेष रूप से युवा नशे के लिए कर रहे हैं। शिकायतों के आधार पर टीम ने संदिग्ध मेडिकल स्टोरों में टेस्ट परचेजिंग कराई। जांच में चार दुकानों पर बिना प्रिस्क्रिप्शन के Pregabalin Capsules और Rexcof DX Syrup बेचे जाते पाए गए, जबकि इन दवाइयों की बिक्री केवल वैध चिकित्सकीय पर्ची पर ही की जा सकती है।

इन मेडिकल स्टोरों पर हुई कार्रवाई
मां दुर्गा मेडिकोज, गोलबाजार (थाना डी.डी. नगर)
आयुष मेडिकल, गुढियारी
विश्वास मेडिकल, भनपुरी (थाना खमतराई)
उदय मेडिकल स्टोर, उरकुरा (थाना खमतराई)
औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने चारों मेडिकल स्टोरों को सील करते हुए संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी दी है कि प्रिस्क्रिप्शन आधारित और प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री केवल वैध डॉक्टर की पर्ची पर ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





