#प्रदेश

CG Rain Alert: लगातार बारिश से उफान पर महानदी, राजिम के कुलेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंचा पानी, कई मार्ग बंद

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब नदियों और जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। महानदी समेत कई नदियां उफान पर हैं। राजिम धाम में वर्षों बाद त्रिवेणी संगम स्थित प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। वहीं गरियाबंद, दंतेवाड़ा और रायपुर समेत कई जिलों में जलभराव और नदी-नालों के उफान से यातायात प्रभावित हुआ है।

वर्षों बाद कुलेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंचा महानदी का पानी

गरियाबंद जिले में पिछले करीब 60 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। सिकासेर जलाशय से 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में वर्षों बाद पानी चढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है और तटीय क्षेत्रों व निचली बस्तियों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

पैरी नदी उफान पर, NH-130C पर यातायात ठप

भारी बारिश के चलते गरियाबंद जिले की पैरी नदी भी उफान पर है। इसके कारण नेशनल हाईवे-130C पर पिछले 24 घंटे से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। पंटोरा के पास सड़क पर जलभराव होने से रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर बसों और अन्य वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। प्रशासन ने एहतियातन बैरिकेडिंग कर मार्ग बंद कर दिया है।

दंतेवाड़ा में पुल के ऊपर बह रहा पानी

दंतेवाड़ा जिले में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है। भैरमगढ़ क्षेत्र के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। प्रशासन ने लोगों से जोखिम न उठाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

रायपुर के महादेव घाट पर बढ़ा खतरा

राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। महादेव घाट पर नदी का पानी पुल तक पहुंच गया है, जिससे आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।