#प्रदेश

भिवंडी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, एक की मौत; कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

Advertisement Carousel

 

मुंबई/भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बालाजी नगर स्थित चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग की ‘बी’ विंग का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 7 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य पूरी रात जारी रहा।

रात 11:30 बजे हुआ हादसा

भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी विजय जाधव के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। मलबे से एक शव बरामद किया गया है, जबकि एक घायल लड़के को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले से खतरनाक घोषित थी इमारत

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, कोहिनूर बिल्डिंग में कुल 48 कमरे थे, जिनमें प्रत्येक मंजिल पर 12-12 कमरे बने थे। इस इमारत को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय भवन में मरम्मत का काम चल रहा था।

दरारों की आवाज सुनकर कई लोग बाहर निकले

स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 9 बजे इमारत से तेज दरारों जैसी आवाजें आने लगी थीं। खतरे को भांपते हुए कई परिवारों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुछ लोग अभी बाहर निकल ही रहे थे कि ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर गिर गई।

एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियां बचाव में जुटीं

मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, स्थानीय दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मौके पर डॉग स्क्वॉड, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और भारी मशीनरी तैनात की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।