Kawardha News: छात्रावास में 7वीं की छात्रा की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

० अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास की घटना के बाद बवाल, अधीक्षिका हटाई गई; मामले की जांच जारी
कवर्धा। जिले के अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास में कक्षा 7वीं की छात्रा की मौत के बाद लापरवाही के आरोपों को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर समय पर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है। वहीं, आदिम जाति कल्याण विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रावास अधीक्षिका को पद से हटा दिया है। मामले की जांच जारी है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास में अध्ययनरत कक्षा 7वीं की छात्रा बबिता पन्द्राम की 27 जुलाई की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि उस समय छात्रावास अधीक्षिका मौजूद नहीं थीं और छात्रा को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। उनका कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें अगले दिन सुबह दी गई।
सूचना मिलने पर परिजन छात्रावास पहुंचे और छात्रा को अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें छात्रावास परिसर में प्रवेश करने से रोका गया। उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार मिलता, तो छात्रा की जान बचाई जा सकती थी।
कई छात्रावासों पर भी उठाए सवाल
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया कि जिले के कई छात्रावासों में अधीक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते और इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
अधीक्षिका हटाई गई, जांच जारी
आदिम जाति कल्याण विभाग की अधिकारी लक्ष्मी पटेल ने मीडिया से इस मामले में कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। हालांकि विभाग ने तात्कालिक कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रावास अधीक्षिका को उनके पद से हटा दिया है। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक स्तर पर की गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





