#प्रदेश

कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख की सहायता, सीएम साय ने की घोषणा

Advertisement Carousel

0 दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने आतंकी हमले की निंदा की, महानदी जल विवाद, बस्तर विकास, रेल परियोजनाओं और कांग्रेस के आरोपों पर भी रखा पक्ष

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति द्वारा बस्तर पंडुम के विजेताओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, बस्तर के विद्युतीकरण, आयुर्वेद एम्स की स्थापना तथा अन्य विकास परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ‘लखपति दीदी’ सम्मेलन आयोजित करने की भी योजना है।

मुख्यमंत्री ने महानदी जल विवाद को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ हुई बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन महीनों में जल बंटवारे पर निर्णय हो सकता है।

रेल परियोजनाओं पर उन्होंने बताया कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इसके अलावा बस्तर क्षेत्र में किरंदुल से बीजापुर तक रेल संपर्क सहित अन्य नई रेल परियोजनाओं पर भी केंद्र सरकार से चर्चा हुई है।

सीएम साय ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी केंद्र से चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि पहले स्वीकृत 500 से अधिक मोबाइल टावरों के लिए केंद्र का आभार जताया गया है, वहीं बस्तर के 400 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विस्तार पर भी बातचीत हुई है।

कांग्रेस को दी “अपना चश्मा बदलने” की सलाह
कांग्रेस की ओर से आतंकी हमले को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे में भाजपा और आरएसएस की साजिश तलाशती है। उन्होंने विपक्ष को “अपना चश्मा बदलने” की सलाह देते हुए कहा कि प्रदेश में रोजगार और विकास के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं तथा नई औद्योगिक नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।