#प्रदेश

CG Weather Today: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार, कहीं-कहीं भारी वर्षा और बिजली गिरने की चेतावनी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में बीते तीन दिनों से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

इन इलाकों में हुई सबसे अधिक बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

 

मौसम विभाग ने बताया कि औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने निम्न दबाव क्षेत्र से होकर मध्य भारत यानी छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। इसी प्रणाली के कारण प्रदेश में नमी बनी हुई है और अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

रायपुर का आज का मौसम

रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में उमस से राहत सीमित रहने की संभावना है। सोमवार सुबह राजधानी में धूप निकली, हालांकि हवा में हल्की ठंडक महसूस की गई।

इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।