Sukma Naxal News: सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, जंगल से नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिले के बोदराजपदर के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का छिपाया गया डंप बरामद किया। डंप से एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, एसपी मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोदराजपदर के जंगल में रवाना किया गया। सुरक्षा बलों को यहां नक्सलियों की गतिविधियों और हथियार छिपाए जाने की सूचना मिली थी।
जंगल में मिला नक्सलियों का डंप
संयुक्त टीम ने इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद हुआ। पुलिस ने डंप से हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस जब्त किए।
बरामद सामग्री
.315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल – 1
7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस
7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस
एक एल्यूमिनियम कंटेनर
सुरक्षित लौटे जवान, अभियान रहेगा जारी
सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। सुकमा पुलिस का कहना है कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और उनके ठिकानों एवं हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए नियमित सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे।





