#प्रदेश

कांकेर में भालू का खूनी हमला: 2 ग्रामीणों की मौत, 1 गंभीर घायल; वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

Advertisement Carousel

 

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू के हमले से सनसनी फैल गई। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला–लारगांव इलाके में मादा भालू ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में भालू के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, जंगल से सटे इलाके में एक मादा भालू की मौजूदगी की सूचना पहले ही ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी। ग्रामीणों ने भालू का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया था। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास जंगल में एक मृत भालू के पास मादा भालू मौजूद थी, जिससे इलाके में खतरे की आशंका बनी हुई थी।

वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि समय पर टीम सक्रिय होती तो इस दर्दनाक घटना को टाला जा सकता था।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल ग्रामीण को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की है।

इलाके में बढ़ाई गई निगरानी

मादा भालू की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। गांव के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, जबकि ग्रामीणों में घटना को लेकर भय और वन विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बनी हुई है।