रायपुर रेलवे स्टेशन पर 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, फूड विभाग की बड़ी कार्रवाई; जांच के लिए भेजे गए सैंपल

रायपुर। राजधानी रायपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने रेलवे स्टेशन के पार्सल परिसर से करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर पहुंचा था। सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल परिसर में बुधवार को करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर मिलने से हड़कंप मच गया। पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता पर संदेह होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (फूड विभाग) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह संदिग्ध पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए रायपुर पहुंचा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पनीर किसका है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
जांच के लिए भेजे गए सैंपल
फूड विभाग की टीम ने मौके से पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि पनीर असली है या नकली और मानव उपभोग के लिए सुरक्षित है या नहीं।
अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एनालॉग पनीर पर पहले ही लग चुका है बैन
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार पहले ही प्रदेश में एनालॉग पनीर के कारोबार पर प्रतिबंध लगा चुकी है। पिछले एक वर्ष में रायपुर में मिलावटी और संदिग्ध पनीर के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की गई हैं।
० जुलाई 2025 में बिरगांव स्थित काशी एग्रो फूड्स से करीब 2,500 किलो संदिग्ध/एनालॉग पनीर जब्त कर फैक्ट्री सील की गई थी।
० हाल ही में रायपुर की एक अन्य फैक्ट्री से 1,700 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
यानी पिछले एक साल में रायपुर में 4,200 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर पर कार्रवाई हो चुकी है। अब रेलवे स्टेशन से 500 किलो संदिग्ध पनीर की बरामदगी ने खाद्य सुरक्षा को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है।





