#crime #प्रदेश

दुर्ग कांग्रेस नेता हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 1 आरोपी गिरफ्तार; 3 नाबालिग भी पकड़े गए

Advertisement Carousel

 

दुर्ग। दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान कांग्रेस नेता एवं सरपंच पति प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। घटना में इस्तेमाल हथियार, बाइक और लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली गई है।

 

दुर्ग पुलिस ने कांग्रेस नेता एवं सरपंच पति प्रकाश सिंह कश्यप हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आदर्श उर्फ लाल (19) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा इस मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की देर रात ग्राम तुमाकला निवासी चोवाराम लोधी, भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप शंकराचार्य अस्पताल जा रहे थे। रात करीब 2 बजे दुर्ग-धमधा रोड पर जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के पास काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।

लूट का विरोध करने पर कर दी हत्या

आरोपियों ने पहले विवाद शुरू किया, फिर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप का मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य आरोपियों ने उनके साथियों से मारपीट कर करीब 4 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रकाश सिंह कश्यप को मृत घोषित कर दिया।

100 से ज्यादा CCTV खंगालकर पहुंचे आरोपियों तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए जेवरा-सिरसा चौकी, पुलगांव थाना और ACCU की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नकदी बरामद कर जब्त कर ली गई।

सुनसान सड़क पर राहगीरों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात सुनसान सड़कों पर राहगीरों को रोककर पहले विवाद करते थे, फिर मारपीट और लूटपाट करते थे। विरोध करने वालों पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो जाते थे।

फिलहाल आदर्श उर्फ लाल (19) सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील की है, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।